सिमरी (बक्सर): पवित्र रमजान के महीने में आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता की एक बेहद खूबसूरत तस्वीर सामने आई है। प्रखंड के काजीपुर स्थित इश्क-ए-मुहम्दिया कमिटी द्वारा आयोजित ‘आम इफ्तार पार्टी’ में क्षेत्र के विभिन्न समुदायों के लोगों ने एक साथ बैठकर रोजा खोला। बुधवार शाम आयोजित इस कार्यक्रम ने गंगा-जमुनी तहजीब को जीवंत कर दिया।
इफ्तार से पूर्व कमिटी के सदस्यों ने आयोजन में पहुंचे मेहमानों का गर्मजोशी से स्वागत किया। स्थानीय विद्वानों ने रमजान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए इसे त्याग, संयम और रूहानी पाकीजगी का महीना बताया। शाम को मगरिब की अजान होते ही रोजेदारों ने खजूर और शरबत से अपना उपवास तोड़ा। दस्तरख्वान पर फल, पकौड़ी और पारंपरिक व्यंजनों की विशेष व्यवस्था की गई थी।
इस अवसर पर सामूहिक दुआ का आयोजन हुआ, जिसमें देश की प्रगति, खुशहाली और अमन-चैन के लिए प्रार्थना की गई। कार्यक्रम में पहुंचे स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में दूरियां मिटाने और प्रेम बढ़ाने का सशक्त माध्यम हैं। आयोजन के अंत में कमिटी के पदाधिकारियों ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी सामाजिक एकता को सुदृढ़ करने वाले कार्यक्रम जारी रखने का संकल्प दोहराया।