बक्सर। जिले में बढ़ते तापमान और लू के प्रकोप के बीच अगलगी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अग्निशमन विभाग ने कमर कस ली है। सोमवार को जिला अग्निशमन पदाधिकारी विनोद कुमार यादव के मार्गदर्शन में सदर अनुमंडल की टीम ने विभिन्न ग्रामीण इलाकों और शैक्षणिक संस्थानों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। इस विशेष अभियान का नेतृत्व अनुमंडल अग्निशमालय पदाधिकारी सुनंदा कुमारी ने किया, जिसमें आधुनिक उपकरणों के जरिए आग पर काबू पाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
अभियान के दौरान टीम ने मध्य विद्यालय पुलिया, उच्च विद्यालय पुलिया, उत्क्रमित आंगनबाड़ी केंद्र बलुआ, प्राथमिक विद्यालय ठोरा और उर्दू माध्यमिक विद्यालय धनसोई समेत एक दर्जन से अधिक स्कूलों में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को जागरूक किया। अग्निशमन कर्मियों ने प्रदर्शन के माध्यम से बताया कि आपदा के समय घबराने के बजाय धैर्य से काम लेना चाहिए। बच्चों को अग्निशमन यंत्रों (Fire Extinguishers) को चलाने का तरीका सिखाया गया और ज्वलनशील पदार्थों के सुरक्षित रखरखाव की जानकारी दी गई।
ग्रामीण क्षेत्रों और झुग्गी-झोपड़ियों में जनसंपर्क करते हुए अधिकारी सुनंदा कुमारी ने आगाह किया कि मार्च से जून तक का समय ‘अग्नि प्रवण काल’ होता है, जिसमें पछुआ हवाओं के कारण छोटी सी चिंगारी भी विकराल रूप ले सकती है। उन्होंने बिजली के शॉट-सर्किट से बचाव और खाना बनाने के बाद चूल्हे की आग को पूरी तरह बुझाने की अपील की। विभाग का लक्ष्य है कि हर नागरिक को प्राथमिक बचाव कार्यों में दक्ष बनाया जाए ताकि बड़ी जन-धन की हानि को रोका जा सके।












