शाहाबाद(बक्सर)। शहर के चीनी मिल मोहल्ला स्थित साबित खिदमत अस्पताल एवं फाउंडेशन परिसर में मंगलवार को विश्व स्वास्थ्य दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर मानव अधिकार एवं सामाजिक संस्थान के सदस्यों,अस्पताल के चिकित्सकों एवं स्टाफ की मौजूदगी में स्वास्थ्य जागरूकता और सेवा का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत विभिन्न बीमारियों से ग्रसित मरीजों के लिए स्वास्थ्य शिविर लगाया गया, जिसमें उनका नि:शुल्क जांच एवं उपचार किया गया। साथ ही कई लोगों को मुफ्त वैक्सीनेशन की सुविधा प्रदान की गई। जरूरतमंद लाभार्थियों को गोल्डन कार्ड भी वितरित किए गए, जिससे उन्हें भविष्य में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
इस मौके पर अस्पताल के निदेशक डॉ. दिलशाद आलम ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी विश्व स्वास्थ्य दिवस को सेवा और समर्पण के भाव से मनाया गया है। उन्होंने कहा कि यह दिन स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े सभी संगठनों और कर्मियों के प्रति सम्मान प्रकट करने का अवसर है। उन्होंने रेड क्रॉस और रोटरी परिवार के सदस्यों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया। कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत स्वागत के साथ हुई, जिसके बाद केक काटकर दिवस का उत्सव मनाया गया। अंत में सभी आगंतुकों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर राहुल कुमार, प्रमोद कुमार, सुनील कुमार, अरुण कुमार, प्रदीप राय, रवि कुमार, नारायण जी सहित सामाजिक सरोकार से जुड़े कई लोग उपस्थित रहे।










