शाहबाद क्षेत्र के बक्सर जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ नैनीजोर थाना अंतर्गत गंगा नदी पार बघार इलाके में एक किसान की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी है। इस घटना से पूरे गाँव में कोहराम मचा हुआ है और दहशत का माहौल है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, मृतक किसान की पहचान छोटकी नैनीजोर वार्ड संख्या 9 निवासी 58 वर्षीय तारकेश्वर यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शनिवार की रात लगभग दस बजे, तारकेश्वर यादव बिहार-यूपी सीमा पर स्थित गायघाट मौजा में हार्वेस्टर से अपने गेहूं की खेत की कटाई करवाकर वापस लौट रहे थे।
सूत्रों के मुताबिक, इसी दौरान बघार में घात लगाए बैठे अज्ञात अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इस हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए और ग्रामीणों के मौके पर पहुंचने से पहले ही उनकी मृत्यु हो चुकी थी। घटना के बाद पूरे गाँव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
ग्रामीणों के बीच चल रही चर्चाओं के अनुसार, इस घटना के पीछे पहले से चली आ रही कोई आपसी रंजिश हो सकती है। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। पुलिस द्वारा घटना के समय मौजूद हार्वेस्टर मालिक तथा चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए बक्सर सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों से लिखित शिकायत प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी, परंतु प्राथमिक स्तर पर छानबीन और अपराधियों की धरपकड़ के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं।











