ब्रह्मपुर (सिमरी)। बक्सर जिले के ब्रह्मपुर विधानसभा अंतर्गत सिमरी प्रखंड के एकौना गांव में सड़क की जर्जर स्थिति से आक्रोशित ग्रामीणों ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सहियार-डुमरी मुख्य पथ की स्थिति इतनी नारकीय हो चुकी है कि यहाँ घुटने भर पानी और कीचड़ जमा है। स्थानीय प्रशासन की उदासीनता से त्रस्त ग्रामीणों ने आज समाजवादी विचार मंच के संयोजक संतोष मुखिया के नेतृत्व में विरोध का एक अनोखा तरीका अपनाया। ग्रामीणों ने जलजमाव के बीच सड़क पर ही कमल का पौधा रोपकर सरकार के “कीचड़ में ही कमल खिलते हैं” वाले नारे पर तीखा तंज कसा।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि भ्रष्टाचार और प्रशासनिक लापरवाही के कारण दर्जनों गांवों को जोड़ने वाली यह मुख्य सड़क अब तालाब में तब्दील हो चुकी है। संतोष मुखिया ने प्रदर्शन के दौरान कहा कि सड़क की बदहाली के कारण आए दिन राहगीर और मोटरसाइकिल सवार गिरकर घायल हो रहे हैं। आपात स्थिति में किसी मरीज को अस्पताल ले जाने के लिए ग्रामीणों को 10 किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। सड़क पर ठहरे हुए पानी के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे क्षेत्र में महामारी फैलने का खतरा बना हुआ है।
प्रदर्शन में शामिल हरेंद्र सिंह, बीरेंद्र सम्राट, मुन्ना सिंह, कृष्ण चौधरी और अन्य ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही जलनिकासी के लिए नाले का निर्माण और सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई, तो यह आंदोलन उग्र रूप लेगा और ग्रामीण चक्का जाम करने को मजबूर होंगे। इस दौरान राकेश राय, गोलू प्रसाद, पप्पू कुमार, सोनू वर्मा, रमेश रंजन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
Tags: #BrahmpurNews #SimriBlock #RoadCondition #Protest #BuxarNews #BiharDevelopment #PublicProtest #LocalIssues











