सिमरी (बक्सर): जिले के सिमरी प्रखंड अंतर्गत तिलक राय के हाता स्थित मध्य विद्यालय के प्रांगण में सोमवार को एक भव्य ‘सम्मान सह विदाई समारोह’ का आयोजन किया गया। विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक ओम प्रकाश मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं के उज्जवल भविष्य की कामना की गई और उनकी उपलब्धियों को सराहा गया।

ADVERTISEMENT

समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानाध्यापक ओम प्रकाश मिश्रा ने कहा कि शिक्षक और छात्र एक-दूसरे के पूरक हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि जब किसी गुरु की पहचान उसके शिष्य की सफलता से होने लगे, तो वह पल गुरु के लिए सबसे गौरवशाली होता है। उन्होंने उपस्थित शिक्षकों से आह्वान किया कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना हमारा नैतिक और व्यावसायिक कर्तव्य है। शिक्षा दान में किसी भी तरह की कोताही शिक्षक को समाज में उपहास का पात्र बना सकती है, इसलिए समर्पण के साथ अध्यापन अनिवार्य है।

इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन द्वारा कक्षा 10वीं की परीक्षा में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण होने वाले क्षेत्र के प्रतिभावान विद्यार्थियों को मेडल और बुके प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं, कक्षा 8वीं उत्तीर्ण करने वाले छात्र-छात्राओं को भी माला पहनाकर विद्यालय से विदाई दी गई और उनके आगामी शैक्षणिक सफर के लिए शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम में मनोज राय, अभिनंदन, नवीन, विनोद कुमार सिंह, ममता, नजमा, अंशु, खुशबू, पंकज और रोहित सहित विद्यालय के सभी शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।

Tags: #BuxarNews #SimriBlock #EducationNews #StudentFarewell #ShahabadBulletin #BiharEducation #SchoolEvent #Inspiration