सिमरी (बक्सर): बक्सर जिले के सिमरी प्रखंड अंतर्गत डुमरी पंचायत से एक अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ है। डुमरी पंचायत के वर्तमान मुखिया प्रेम सागर कुंवर के ज्येष्ठ भ्राता और भारतीय रेलवे के पूर्व अधिकारी शिव सागर कुंवर का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया है। उनके निधन की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और गांव का माहौल गमगीन हो गया।
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, शिव सागर कुंवर शनिवार की देर शाम हृदय गति रुकने (हार्ट अटैक) के कारण गंभीर रूप से अस्वस्थ हो गए थे। वे भारतीय रेलवे में टीटीई (TTE) के पद पर लंबे समय तक अपनी सेवाएं दे चुके थे। अपने सरल, सौम्य और मिलनसार स्वभाव के कारण वे न केवल रेल विभाग में बल्कि अपने पैतृक गांव और आसपास के क्षेत्रों में भी काफी लोकप्रिय थे। बताया जाता है कि कुछ समय पूर्व उन्होंने स्वास्थ्य कारणों के चलते नौकरी से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) ले ली थी।
विगत एक महीने से उनका स्वास्थ्य लगातार बिगड़ रहा था, जिसके सुधार के लिए उन्हें पटना के एक प्रतिष्ठित अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों की टीम द्वारा काफी प्रयासों के बाद भी उनकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ और अंततः शनिवार कि देर शाम उन्होंने अंतिम सांस ली। जैसे ही उनका पार्थिव शरीर पैतृक आवास पहुंचा, अंतिम दर्शन के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और गणमान्य व्यक्तियों ने उनके निधन को समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया है।













