बक्सर, 15 मार्च 2026। बिहार की बदलती राजनीतिक परिस्थितियों के बीच जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर रविवार को बक्सर पहुंचे। यहाँ नया बाजार स्थित आशीर्वाद बैंक्वेट हॉल में उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और जमीनी कार्यकर्ताओं के साथ एक महत्वपूर्ण सांगठनिक बैठक की। इस दौरान उन्होंने बिहार की वर्तमान सत्ता संरचना और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की चर्चाओं पर तीखा हमला बोला।
प्रशांत किशोर ने नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के मुद्दे पर कहा कि यह पहले से ही तय था। उन्होंने वर्तमान सरकार के जनादेश को ‘मैन्युफैक्चर्ड मैंडेट’ करार देते हुए आरोप लगाया कि यह जनादेश जनता का नहीं, बल्कि संसाधनों के बल पर खरीदा गया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब जनादेश मुख्यमंत्री के नाम पर है ही नहीं, तो उनका जाना स्वाभाविक है। नए मुख्यमंत्री की संभावनाओं पर उन्होंने आशंका जताई कि बिहार को ऐसा नेतृत्व मिलेगा जिसका ‘रिमोट कंट्रोल’ गुजरात में होगा और सरकार के फैसले बिहार के बजाय बाहरी हितों को साधने के लिए लिए जाएंगे।
आगामी रणनीति को स्पष्ट करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि चुनाव परिणामों के बाद जन सुराज ने सरकार को वादे पूरे करने के लिए छह महीने का समय दिया था। अब ‘बिहार नवनिर्माण अभियान’ के तहत अगले पांच वर्षों तक कार्यकर्ता घर-घर जाकर जनता को जागरूक करेंगे। उन्होंने दोहराया कि जनता ने उन्हें सड़क की राजनीति के लिए चुना है और वे बिहार के भविष्य तथा बच्चों के हक के लिए मजबूती से आवाज उठाते रहेंगे। बैठक में तथागत हर्षवर्धन, पूर्व विधायक श्रीकांत पाठक और धंजी पांडेय समेत कई प्रमुख नेता उपस्थित रहे।
Tags: #PrashantKishore #JanSuraj #BuxarNews #NitishKumar #BiharPolitics #BiharNavnirman #PoliticalNews #HindiNews












