राजपुर (बक्सर)। बिहार के बक्सर जिले के राजपुर प्रखंड में सोमवार को उस वक्त सियासी हलचल तेज हो गई, जब प्रखंड प्रमुख और उप प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का बिगुल फूंक दिया गया। पिछले कई हफ्तों से चल रही राजनीतिक उठापटक के बाद आखिरकार असंतुष्ट खेमे ने प्रखंड विकास पदाधिकारी (बी़डीओ) सिद्धार्थ कुमार को अविश्वास प्रस्ताव का औपचारिक आवेदन सौंप दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रखंड प्रमुख मंजू देवी के विरुद्ध रसेन पंचायत की बीडीसी सदस्य राधिका देवी के नेतृत्व में मोर्चा खोला गया है। कुल 26 पंचायत समिति सदस्यों वाले इस प्रखंड में 14 सदस्यों ने हस्ताक्षर कर वर्तमान नेतृत्व के प्रति अपना अविश्वास जताया है। वहीं, उप प्रमुख मजीदन खातून के खिलाफ बन्नी पंचायत की बीडीसी सदस्य मानती देवी की अगुवाई में आवेदन दिया गया।
नेतृत्व पर लगे गंभीर आरोप अविश्वास प्रस्ताव लाने वाले सदस्यों ने वर्तमान प्रमुख और उप प्रमुख की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि प्रखंड के विकास कार्यों और समिति के गठन में भारी अनियमितताएं बरती जा रही हैं। सदस्यों का कहना है कि उनकी बातों की लगातार अनदेखी की जा रही है, योजनाओं में समान भागीदारी नहीं मिल रही और समय पर भुगतान न होने से विकास कार्य बाधित हैं। इसके अतिरिक्त, नियमानुसार नियमित बैठकें न बुलाने को भी पद से हटाने का मुख्य आधार बनाया गया है।
अब विशेष बैठक पर टिकी नजरें इस मामले पर प्रखंड विकास पदाधिकारी सिद्धार्थ कुमार ने पुष्टि की है कि उन्हें अविश्वास प्रस्ताव का आवेदन प्राप्त हो गया है। उन्होंने बताया कि नियमानुसार इसकी सूचना प्रखंड प्रमुख को दे दी गई है। बिहार पंचायत राज अधिनियम के तहत अब प्रमुख को आठ दिनों के भीतर विशेष बैठक बुलानी होगी। इस बैठक में चर्चा और मत विभाजन के जरिए ही यह तय होगा कि वर्तमान नेतृत्व अपनी कुर्सी बचा पाता है या राजपुर प्रखंड को नया प्रमुख मिलेगा।
Tags: #BuxarNews #RajpurBlock #BiharPanchayatRaj #PoliticalCrisis #ShahabadBulletin #NoConfidenceMotion #BiharPolitics #LocalNews












