बक्सर जिले के सिमरी प्रखंड अंतर्गत होराइन एकेडमी ऑफ एजुकेशन में सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को सहेजने के उद्देश्य से एक भव्य डांडिया प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस आयोजन को लेकर छात्र-छात्राओं में भारी उत्साह देखने को मिला। प्रतियोगिता की शुरुआत मां दुर्गा की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन और महाआरती के साथ हुई।
कार्यक्रम का आधिकारिक उद्घाटन जनता दल यूनाइटेड के स्थानीय नेता भरत मिश्रा, लोक जनशक्ति पार्टी (महिला प्रकोष्ठ) की जिलाध्यक्ष अंशु देवी तथा विद्यालय प्रबंधन ने संयुक्त रूप से किया। उद्घाटन के पश्चात उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए भरत मिश्रा ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों से नई पीढ़ी में अपनी समृद्ध परंपराओं और जड़ों के प्रति जुड़ाव गहरा होता है। वहीं मुख्य अतिथि अंशु देवी ने अपने वक्तव्य में कहा कि आधुनिक दौर में सांस्कृतिक मूल्यों को जीवंत रखना चुनौतीपूर्ण कार्य है, जिसमें यह शिक्षण संस्थान सराहनीय योगदान दे रहा है।
प्रतियोगिता में शामिल प्रतिभागियों की बड़ी संख्या को देखते हुए उन्हें विश्वामित्र, रमन, कलाम और टैगोर हाउस में विभाजित किया गया था। मंच पर विभिन्न गृहों के बच्चों ने आकर्षक डांडिया नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित अभिभावकों एवं अतिथियों की खूब तालियां बटोरीं। कड़े मुकाबले के बीच टैगोर हाउस के विद्यार्थियों ने अपने बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत प्रथम स्थान हासिल कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। जबकि रमन हाउस की टीम उपविजेता घोषित की गई।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक भवेश कुमार तिवारी, निदेशिका नंदनी तिवारी, स्थानीय मुखिया दिनेश पांडेय, पंचायत समिति सदस्य अजय कुमार ओझा, रोहित लाल, छोटू तिवारी और भोला पांडेय सहित अन्य गणमान्य लोगों ने विजयी व प्रतिभागी बच्चों को स्मृति चिह्न देकर पुरस्कृत किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
Tags:
#SimriNews #DandiyaCompetition #HorainAcademy #BuxarNews #ShahabadBulletin #BiharNews #SchoolEvent #CulturalHeritage











